23 सितंबर से शुरू हुई थी खरीद, निजी आढ़ती खरीद रहे फसल
संवाद न्यूज एजेंसी
जाटौली। नई अनाज मंडी जाटौली में बाजरे की आवक व खरीद का सिलसिला लगातार जारी है। मंडी में अब तक कुल 2,29,374 क्विंटल बाजरे की आवक व खरीद दर्ज की जा चुकी है। जानकारी के अनुसार राज्य में बाजरा खरीद 23 सितंबर से शुरू हुई थी, जबकि जाटौली मंडी में 24 सितंबर को हरियाणा स्टेट वेयरहाउस खरीद एजेंसी द्वारा 795 क्विंटल बाजरा खरीदा गया था। इसके बाद से अब तक बाजरे की खरीद निजी आढ़तियों द्वारा की जा रही है।
किसानों ने सरकारी खरीद बंद होने पर रोष जताया है। उनका कहना है कि सरकार व प्रशासन को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसानों का बाजरा सरकारी एजेंसियों के माध्यम से उचित मूल्य पर खरीदा जाए। किसानों का आरोप है कि खरीद शुरू होने के तीसरे दिन ही एजेंसी ने बाजरा काला बताकर खरीद से इनकार कर दिया, जिसके बाद वे मजबूरी में निजी आढ़तियों को अपना बाजरा औने-पौने दामों पर बेचने को विवश हैं।
मार्केट कमेटी सचिव विपिन यादव ने बताया कि अनाज मंडी में 22 अक्तूबर तक कुल 2,29,374 क्विंटल बाजरे की खरीद और आवक दर्ज हुई है। उनके अनुसार, 23 अक्तूबर को 5,694 क्विंटल बाजरे की नई आवक हुई थी और खरीद का कार्य फिलहाल जारी है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में किसानों का बाजरा निजी आढ़तियों द्वारा खरीदा जा रहा है। किसानों की उम्मीद अब प्रशासन से है कि जल्द ही सरकारी एजेंसियों के माध्यम से भी खरीद दोबारा शुरू की जाए ताकि उन्हें उचित मूल्य मिल सके।