प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए चल रहे अभियान के तहत की गई कार्रवाई
नंबर गेम - 25-25 हजार का लगाया जुर्माना
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। नगर निगम की टीम क्षेत्र में प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत बृहस्पतिवार को टीम ने गांव नौरंगपुर के क्रेशर जोन में जांच की। इस दौरान खुले में निर्माण सामग्री रखने पर दो उद्योगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
टीम ने शिव ग्रिट उद्योग और पूजा स्टोन पर खुले में निर्माण सामग्री रखा हुआ पाया। इससे आसपास धूल उड़ने और प्रदूषण फैलने की आशंका थी। टीम ने दोनों उद्योगों पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। इस तरह दोनों उद्योगों पर कुल 50 हजार रुपये के चालान किए गए। इसके अलावा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने भी दोनों उद्योगों को नोटिस जारी किया है। नोटिस के माध्यम से उद्योग संचालकों को प्रदूषण से जुड़े नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम के संयुक्त आयुक्त पुनीत कुमार ने बताया कि क्षेत्र में प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। खुले में निर्माण सामग्री रखने और धूल उड़ने से रोकने के लिए उद्योग संचालकों को पहले भी नियमों का पालन करने की हिदायत दी जाती रही है। अधिकारियों ने साफ किया है कि प्रदूषण नियंत्रण अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों की अनदेखी करने वाले उद्योगों और अन्य संस्थानों के खिलाफ इसी तरह कार्रवाई की जाएगी।