गुरुग्राम में बिलासपुर के ‘ओयो' में ठहरे दो दोस्तों के पैसे वापस मांगने पर होटल के कर्मचारियों ने उनकी पिटाई की। पुलिस ने बताया कि संदीप कुमार और विकास ने इस बारे में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, घटना 11 फरवरी को दिल्ली-जयपुर राजमार्ग पर ‘हैप्पी स्टे ओयो होटल' में हुई।
रात नौ बजे दोनों होटल के अपने कमरे में पहुंचे और करीब 11.30 बजे बिजली चली गई। जब रात एक बजे तक बिजली नहीं आई तो कुमार ने होटल के कर्मचारियों से संपर्क किया। जिन्होंने उन्हें बताया कि सुबह तक बिजली नहीं आएगी।
कुमार ने शिकायत में कहा, इस पर हमने मांग की कि हमारे पैसे वापस किए जाएं। इसके बाद हमारी बहस हुई और कर्मचारियों ने हमें कमरे में बंद करके पीटा। हमें घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने पीड़ित युवकों की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान कर ली गई है। फिलहाल वे फरार हैं।