गुरुग्राम। सोहना के सांचोली गांव में बुधवार रात रंजिश में दो परिवार भिड़ गए और एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। झगड़े में दोनों ओर से कई लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं भी शामिल है। सोहना सदर थाना में दोनों पक्षों की ओर से आई शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार पहले मामले में गांव सांचोली निवासी आसीन ने शिकायत दी है। बुधवार राम करीब 8 बजे ड्यूटी से घर जा रहा था। आरोप है कि घर के सामने गली में बशीर ने उस पर लाठी से वार किया। उसकी पत्नी मैमूना बचाने के लिए आई तो उसके भी सिर पर लाठी मारी। आरोप है कि बशीर के साथ उसकी पत्नी, बेटी समेत 5-6 महिलाएं व एक युवक शामिल था। हमले में शिकायतकर्ता के भी हाथ की हड्डी टूट गई और पत्नी के सिर में गंभीर चोट लगी। वहीं दूसरी ओर से शिकायत बशीर खान ने दी है। उसका कहना है कि बुधवार देर शाम अपने कमरे में बैठा हुआ था। आरोप है कि तभी पड़ोस में रहने वाला आसीन, सब्बीर, जाकिर उर्फ कल्लू व इनके साथ 4-5 महिलाएं हाथों में लाठी-डंडे व पत्थर लेकर आए। आते ही पीड़ित के परिवार पर हमला कर मारपीट करने लगे।
झगड़े में शिकायतकर्ता की बेटी व भाई की बेटी के कानों के कुंडल व गले की हसली भी गिर गए। फिर धमकी देकर आरोपी भाग गए। झगड़े के बाद दोनों ओर से घायलों को सोहना सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां से सूचना मिली तो सदर सोहना थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची।