संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। एंटी नारकोटिक सेल (एएनसी) ने चांदहट थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से 315 बोर के दो अवैध देसी कट्टे बरामद किए हैं। पूछताछ में एक आरोपी ने दूसरे से हथियार खरीदने की बात बताई। एएनसी प्रभारी उप निरीक्षक हनीश खान के अनुसार बुधवार को प्रधान सिपाही इरफान की टीम आगरा चौक पर गश्त कर रही थी। सूचना के आधार पर टीम ने केजीपी पुल के नीचे अलीगढ़ रोड से खेड़ला फरीजनपुर निवासी अमित को काबू किया। तलाशी में उसके पास से 315 बोर का देसी कट्टा बरामद हुआ। वहीं, प्रधान सिपाही राकेश की टीम ने पैलक मोड़ से पहले अलीगढ़ रोड पर हर्ष को पकड़ा। उसके कब्जे से भी 315 बोर का देसी कट्टा मिला। पूछताछ में हर्ष ने बताया कि उसने कट्टा अमित से खरीदा था। इसके बाद पुलिस ने संबंधित मामले में आर्म्स एक्ट की धारा जोड़ी और अमित को भी शामिल जांच किया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया है। संवाद