गुरुग्राम। सेक्टर-10 अपराध शाखा ने पुलिसकर्मी बनकर राहगीरों से लूटपाट करने वाले दो बदमाशों को शुक्रवार शाम सेक्टर-9 इलाके से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान झज्जर जिले के गांव लोवा माजरा निवासी विनोद एवं गुरुग्राम के गांव भोड़ाकलां निवासी नवीन के रूप में की गई है। पुलिस के मुताबिक, रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ के आधार पर वारदात में इस्तेमाल किया गया वाहन, लूटी गई नकदी समेत अन्य सामान बरामद किए जाएंगे। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में दोनों ने बताया कि वह खुद को पुलिसकर्मी बताकर राहगीरों से लूटपाट करते थे। एसीपी क्राइम प्रीतपाल ने बताया कि आरोपी पहले उनकी तलाशी लेते थे और मौका मिलते ही हथियार के बल पर लूट लेते थे। दोनों ने गुरुग्राम में तीन व राजस्थान में लूटपाट की एक वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। गुरुग्राम पुलिस ने दोनों के ऊपर पांच-पांच हजार का इनाम घोषित किया था।
कारोबारी से की थी लूटपाट
एसीपी क्राइम ने बताया कि पिछले पांच दिसंबर को आरोपी राजस्थान के इस्लामपुर निवासी कारोबारी लालचंद व उनके साथियों से हथियार के बल पर 35 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए थे। खेड़कीदौला टोल प्लाजा के नजदीक वारदात को अंजाम दिया गया था। लालचंद दिल्ली के आजादपुर मंडी से गाजर बेचकर अपने गांव वापस जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक, इनका पूरा गिरोह है, जिसमें कई अन्य बदमाश भी शामिल हैं। बदमाशों से पूछताछ के आधार पर जल्द ही सभी को गिरफ्तार किया जाएगा।