-60 साल पहले खरीदी थी जमीन, अदालत में चला था मुकदमा
अमर उजाला ब्यूराे
गुरुग्राम। सोहना सदर थाने की पुलिस ने जमीन के विवाद में मारपीट करने के मामले में शनिवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अभयपुर गांव निवासी ओमदेव (40) और राजकुमार (42) के रूप में हुई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि उनके बुजुर्गों ने शिकायकर्ता के बुजुर्गों से करीब 60 साल पहले जमीन खरीदी थी। जमीन खरीदने पर जमीन का नंबर कुछ दिया गया था और कब्जा अलग जमीन पर दिया गया था। इस मामले में अदालत में मुकदमा चला और आरोपी पक्ष हार गया। इस रंजिश के चलते दोनों पक्षों के बीच पहले भी झगड़ा हुआ था और एक मामला भी दर्ज हुआ था। जमीन के विवाद में रंजिश को रखते हुए ही आरोपियों ने पीड़ित पक्ष के साथ मारपीट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार करके आगामी कार्रवाई की जाएगी।
यह था मामला
7 नवंबर को सोहना सदर थाने में अभयपुर निवासी एक व्यक्ति ने दी शिकायत में बताया कि उसके परिवार का गांव के ही एक अन्य परिवार से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। कुछ समय पहले अदालत के आदेश पर विवादित भूमि पर उसे कब्जा दिलाया गया था। 7 नवंबर को जब वह खेत में काम कर रहा था तो ओमबीर, ओमदेव, पवन, शिवकुमार, राज कुमार, मंगल, सोनू सहित अन्य लोगों ने लाठी-डंडों व कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। शिकायत के आधार व जांच के बाद पुलिस ने 8 नवंबर को सोहना सदर थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।