आरोपी सॉफ्टवेयर इंजीनियर से हाथापाई करके उसे कमरे में बंद करके चले गए थे
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। थाना सेक्टर-5 क्षेत्र स्थित अशोक विहार फेज-2 में सॉफ्टवेयर इंजीनियर को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी बीते मंगलवार को सॉफ्टवेयर इंजीनियर से उसके घर में हाथापाई करके उसे कमरे में बंद करके चले गए थे। इसके बाद सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने बेडशीट से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
पुलिस ने मामले में पहले हत्या का मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने हत्या की धारा हटाते हुए आत्महत्या के लिए मजबूर करने की धाराएं जोड़ दीं। सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत मामले में पुलिस ने मृतक के ससुर हिसार के कुतिंयावाली निवासी राजकुमार व पत्नी के चचेरे भाई रोहित को गिरफ्तार किया है। सेक्टर-5 थाना पुलिस को सूचना मिली कि अशोक विहार फेज-2 में नवदीप नामक युवक की उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने मारपीट करके हत्या कर दी। पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची तो मकान में नवदीप मृत अवस्था में एक कमरे में पड़ा मिला। उसके गले में बेडशीट बंधी हुई थी और मुंह व नाक से खून निकला हुआ था। वहीं, दोनों हाथों पर चोट के निशान थे। पुलिस टीम ने सीन ऑफ क्राइम, एफएसएल व फिंगर प्रिंट टीमों को घटनास्थल पर बुलवाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया। मृतक की पहचान हिसार जिले के चंदन नगर गांव के मूल निवासी नवदीप सिंह (35) के रूप में हुई थी। जो अपनी पत्नी सीमा और तीन साल की बेटी के साथ अशोक विहार फेज-2 स्थित घर में रहता था। वह डीएलएफ क्षेत्र स्थित एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। पिता कृष्ण कुमार हरियाणा पुलिस में सब इंस्पेक्टर हैं, जो हिसार के बरवाला थाने में तैनात हैं।
पुलिस को दी शिकायत में नवदीप के पिता ने बताया कि नवदीप की सीमा से वर्ष 2015 में शादी हुई थी और नवदीप अपनी पत्नी सीमा व बेटी के साथ लगभग एक साल से अपने खुद के मकान में अशोक विहार फेज-2 गुरुग्राम में रहता था। नवदीप व सीमा की आपस में अनबन रहती थी, जिस कारण सीमा अपने मायके फोन करके अपने पिता, भाइयों व परिवार वालों को बुला लेती थी। सीमा के मायके वाले गुरुग्राम आकर नवदीप के साथ झगड़ा करके उसकी पत्नी को अपने साथ ले जाते थे। पुलिस ने नवदीप के पिता की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया था। वहीं, मृतक का बोर्ड के माध्यम से पोस्टमार्टम करवाए जाने पर युवक को आत्महत्या के लिए मजबूर करने की पुष्टि हुई। ऐसे में पुलिस ने हत्या की धारा हटाते हुए आत्महत्या के लिए मजबूर करने की धाराएं जोड़ दी।