आरोपियों के पास से दो मोबाइल बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। व्हाट्सएप के माध्यम से स्टॉक ट्रेडिंग में निवेश करके मुनाफा कमाने का लालच देकर ठगी करने के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान यमुनानगर के भाटिया नगर निवासी आशीष कुमार और खेरी लख्खा सिंह गांव निवासी चिराग के रूप में हुई है।
पीड़ित की शिकायत पर साइबर अपराध मानेसर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया था। साइबर अपराध मानेसर के निरीक्षक नवीन कुमार के अनुसार आरोपियों से पूछताछ में पता चला है कि ठगी गई राशि में से 2.99 लाख रुपये आशीष और चिराग के ज्वाइंट बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे। आरोपियों ने यह बैंक खाता 50 हजार रुपये में बेच दिया था। आरोपी आशीष की यमुनानगर में फर्नीचर और आरोपी चिराग की कपड़े की दुकान है। आरोपियों के पास से पुलिस ने दो मोबाइल बरामद किए हैं।