चाकू दिखाकर देते थे वारदात को अंजाम, आरोपियों से लूटी गई दो स्कूटी और वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सुशांत लोक थाना क्षेत्र में राइड बुक कर राइडर की स्कूटी लूटने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और लूटी गई दो स्कूटी बरामद की गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर निवासी 19 वर्षीय सत्यम भट्ट और गोंडा निवासी 19 वर्षीय मोहम्मद फरमान के रूप में हुई है। दोनों आरोपी वर्तमान में गुरुग्राम के झाड़सा और कन्हई गांव में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, सुशांत लोक थाना पुलिस को 3 अगस्त को एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह किराये पर स्कूटी लेकर राइड चलाता है। 3 अगस्त की सुबह उसे रैपिडो के माध्यम से एक बुकिंग मिली थी। वह सवारी लेने सेक्टर-43 पहुंचा, जहां एक युवक उसकी स्कूटी पर बैठ गया। कुछ दूरी चलने के बाद युवक ने चाकू निकालकर उसकी गर्दन पर रख दिया। इसी दौरान उसका साथी भी मौके पर पहुंच गया। दोनों आरोपियों ने धमकाकर उसकी स्कूटी लूट ली और फरार हो गए। शिकायत के आधार पर सुशांत लोक थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।
आरोपी फूल बेचने का काम करते हैं-
मामले की जांच करते हुए अपराध शाखा सेक्टर-43 की टीम ने मंगलवार को दोनों आरोपियों को कन्हई ढाणी से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने सेक्टर-56 थाना क्षेत्र से भी इसी तरह एक स्कूटी लूटी थी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी फूल बेचने का काम करते हैं और लूट की वारदात के लिए रैपिडो से राइड बुक करते थे। राइडर के पहुंचने के बाद चाकू दिखाकर उसकी स्कूटी लूट लेते थे।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपियों से वारदात में प्रयोग किया गया चाकू और लूटी गई दो स्कूटी बरामद कर ली गई हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।