गुरुग्राम। जिले के बुजुर्गों में कोरोना का टीका लगवाने का उत्साह देखते बन रहा है। जहां स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को 4440 कोरोना टीका का लक्ष्य रखा था, वहीं 8628 ने कोरोना टीके की डोज ली। जिले में 25 सरकारी अस्पतालों के केंद्रों और 45 निजी अस्पतालों के केंद्रों पर टीकाकरण की प्रक्रिया चली। तकरीबन दोगुने लाभार्थी केंद्रों पर पहुंचे। इनमें सबसे अधिक 60 आयुवर्ग से अधिक 6348 बुजुर्गों ने पहली डोज ली। इसके साथ ही 45 से 59 उम्र तक के किसी गंभीर बीमारी से ग्रस्त 658 ने कोरोना का टीका लगवाया।
इस प्रक्रिया से स्पष्ट होता है कि बुजुर्ग पूरे उत्साह के साथ इस बीमारी से खुद को सुरक्षित करना चाहते हैं। तीसरे चरण की इस प्रक्रिया में फ्रंटलाइन वर्कर्स और स्वास्थ्यकर्मियों को भी टीके लगाये जा रहे हैं। इन्हें पहली व दूसरी डोज दी जा रही है। सोमवार को 682 स्वास्थ्यकर्मी, 940 फ्रंटलाइन वर्कर्स को कोरोना के टीके की डोज दी गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के लिए और भी कोरोना की डोज मंगाने की तैयारी की जा रही है।
कोरोना ने हमें भयभीत किया है। मैं इस डर से बाहर निकलना चाहती हूं। इसलिए बुजुर्गों की बारी आते ही खुद को पंजीकृत किया है और टीका लगवाया है।
- किरण दत्ता, सेक्टर 50
- जिले में कोरोना के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। ऐसे में वैक्सीन लगवा कर ही इससे बचा जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग पूरी सुविधाओं के साथ टीका लगा रहा है।
- हरीश खुल्लर, लेजेंड सोसाइटी सेक्टर-50
- बुजुर्गों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम हो जाती है। ऐसे में हमें इस सूची में पहले रखा गया है। यह उचित है। इससे हम अपनी आगे की जिंदगी परिवार के साथ खुशहाल बीता सकेंगे।
- सरोज चौहान, सेक्टर-55
जिले में बुजुर्ग शुरू से ही कोरोना टीकाकरण प्रक्रिया में अच्छे स्तर पर भाग ले रहे थे। सोमवार को यह आंकड़ा और भी बढ़ गया। एक दिन में लक्ष्य से दोगुनों को टीका लगाया गया है।
- डॉ. एमपी सिंह, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, गुरुग्राम।