संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। खेड़कीदौला थाना क्षेत्र में पैदल घर जा रहे दो मजदूरों को एक ट्रक ने रौंद दिया। एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। जिसका उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंप दिया।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के एटा निवासी 19 वर्षीय रोहित यहां वजीरपुर गांव में रहते थे और विजय ठेकेदार के पास पेंट का काम करते थे। बीती रात आईएमटी मानेसर से पटौदी रोड के बीच बने आउटर रोड के डिवाइडर को पेंट करने के बाद रोहित और उनके साथी राजस्थान के जयपुर निवासी मोहन साथ-साथ पैदल घर जा रहे थे। बताया जाता है कि धुंध अधिक होने के कारण पीछे से आ रहे ट्रक चालक ने दोनों को रौंद दिया। इसके बाद ट्रक पलट गया। हादसे के बाद आसपास के लोग दोनों आर्वी अस्पताल ले गए। यहां इलाज के दौरान रोहित को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं मोहन की हालत गंभीर बताई जा रही है।