- अंडर-14 और अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ी हिसार में दिखाएंगे प्रतिभा, बेहतर प्रदर्शन करने वालों को मिलेगा मौका
गुरुग्राम। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करने के लिए 15 नवंबर को हिसार में चयन ट्रायल आयोजित किया जाएगा। इसमें अंडर-14 और अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अवसर मिल सकता है।
जिले के खिलाड़ियों ने भी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जगह बनाने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन और खेल कौशल के आधार पर हरियाणा की टीम का चयन किया जाएगा। एसजीएफआई की अंडर-19 राष्ट्रीय प्रतियोगिता 23 नवंबर से रांची में आयोजित होगी। इसमें देशभर के विभिन्न राज्यों की टीमें हिस्सा लेंगी। ऐसे में खिलाड़ियों के पास अपनी प्रतिभा साबित करने का मौका है।
जिला एईओ जगदीश अहलावत ने बताया कि खिलाड़ियों को ट्रायल के लिए बेहतर तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि खेलों में आगे बढ़ने के लिए चयन प्रक्रिया महत्वपूर्ण होती है। जिले के खिलाड़ियों को पूरे उत्साह के साथ ट्रायल में हिस्सा लेकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए। चयनित खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। संवाद