जीवीपी मुक्त अभियान के दूसरे दिन टिकरी गांव और सेक्टर-18 में चला अभियान
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम के जीवीपी मुक्त अभियान के दूसरे दिन टिकरी गांव और सेक्टर-18 में कचरा संवेदनशील स्थलों (जीवीपी) का कायाकल्प किया गया। निगम की टीम ने दोनों स्थानों से कचरा हटाकर सफाई की और स्थलों का सौंदर्यीकरण किया। निगम ने स्थानीय लोगों से इन जगहों पर दोबारा कचरा नहीं डालने की अपील की।
टिकरी गांव में मेगापोलिस के पास स्थित जीवीपी को खत्म कर पूरे स्थल की सफाई की गई। सफाई के बाद स्थल को बेहतर स्वरूप दिया गया। निगम टीम ने मौके पर स्थानीय निवासियों से संवाद कर उनसे स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग मांगा।
इसी तरह दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे के पास सेक्टर-18 स्थित जीवीपी की भी सफाई कर सौंदर्यीकरण किया गया। निगम के अनुसार, खुले में कचरा डालने की समस्या पर रोक लगाने और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि जीवीपी मुक्त अभियान में निगम टीम के प्रयासों के साथ नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है। जिन स्थलों को कचरा मुक्त किया जा रहा है, वहां दोबारा कचरा न डाला जाए। उन्होंने लोगों से कचरा निर्धारित संग्रहण व्यवस्था में ही देने की अपील की। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 11 अक्टूबर तक प्रतिदिन दो जीवीपी की तस्वीर बदलने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान का उद्देश्य केवल कचरा हटाना नहीं, बल्कि जनभागीदारी से इन स्थलों को दोबारा कचरा संवेदनशील बनने से रोकना है।