अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम/जयपुर। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (टीआरएआई) का जयपुर क्षेत्रीय कार्यालय पंचकूला में एक उपभोक्ता आउटरीच कार्यक्रम (सीओपी) आयोजित कर रहा है। ये कार्यक्रम पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़ के सहयोग से बुधवार तीन जून को दोपहर 3 बजे से होगा।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य दूरसंचार और प्रसारण क्षेत्रों में ट्राई द्वारा की गई विभिन्न पहलों के बारे में उपभोक्ताओं के बीच जागरूकता पैदा करना है। कार्यक्रम का विषय दूरसंचार और प्रसारण में उपभोक्ता संरक्षण और विकल्प होगा।
इस कार्यक्रम में सभी दूरसंचार सेवा प्रदाताओं (टेलीकॉम ऑपरेटरों), मल्टी सर्विस ऑपरेटरों (केबल ऑपरेटरों), उपभोक्ता संगठनों, रोटरी क्लब पंचकूला ग्रीन्स के सदस्यों और वरिष्ठ नागरिक परिषद, सेक्टर 15, पंचकूला के प्रतिनिधियों भाग लेंगे। कार्यक्रम में ट्राई क्षेत्रीय कार्यालय के संयुक्त सलाहकार जय प्रकाश गर्ग मुख्य वक्ता होंगे।
यह कार्यक्रम मुख्य रूप से दूरसंचार और प्रसारण क्षेत्रों में सेवा की गुणवत्ता (क्यूओएस) में सुधार के लिए भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) द्वारा की गई पहलों पर केंद्रित होगा। यह प्रभावी उपभोक्ता शिकायत निवारण के लिए ट्राई द्वारा निर्धारित नियामक ढांचे और उपायों पर प्रकाश डालेगा। इसमें सेवा प्रदाताओं द्वारा समय पर समाधान सुनिश्चित करने के लिए शिकायत प्रबंधन और शिकायत को आगे भेजने के सुस्पष्ट तंत्र शामिल हैं।
उपभोक्ताओं को बुनियादी स्तर पर जागरूक करने के लिए साइबर हाइजीन (साइबर सुरक्षा की स्वच्छता) पर एक संक्षिप्त सत्र भी इसमें शामिल किया जाएगा। कार्यक्रम में ट्राई के अधिकारियों द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी।