आओ स्कूल चलें 4.0 अभियान को सफल बनाने के लिए डाइट ने बनाई रणनीति
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों के नामांकन बढ़ाने के उद्देश्य से डाइट गुरुग्राम में शनिवार को रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आओ स्कूल चलें 4.0 अभियान को लागू करने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्ययोजना तैयार की गई। अभियान के तहत कम नामांकन वाले विद्यालयों पर विशेष ध्यान देने के साथ शिक्षकों, स्कूल प्रबंधन समितियों और समाज के सहयोग से अधिक से अधिक बच्चों को सरकारी स्कूलों से जोड़ने पर जोर दिया गया।
बैठक की अध्यक्षता डाइट प्रभारी पृथ्वीराज ने की। बैठक में ईटी विंग की सदस्य नेहा शर्मा और डॉ. नीतू सिंह ने अभियान के क्रियान्वयन से जुड़ी प्रक्रिया पर प्रशिक्षण दिया। वहीं, मनोज कुमार शर्मा ने कहा कि विद्यालयों की एसएमसी को सक्रिय कर आसपास के परिवारों को सरकारी स्कूलों में प्रवेश के लिए प्रेरित किया जाएगा।
वरिष्ठ प्राध्यापक अरुण कुमार राघव ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि अभिभावकों का विश्वास बढ़े। डाइट प्रभारी पृथ्वीराज ने कहा कि समाज और शिक्षकों के संयुक्त प्रयास से ही अभियान को सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से अपने-अपने स्तर पर नामांकन बढ़ाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।