गुरुग्राम। दिल्ली से महेंद्रगढ़ रूट पर 17 अगस्त से दो ट्रेनों का आवागमन शुरू हो गया है। यह ट्रेन कोरोना काल के दौरान बंद की गई थीं। ट्रेनों का संचालन दोबारा शुरू कराने के लिए पिछले कई माह से यात्रियों द्वारा रेलवे विभाग से मांग की जा रही थी।
यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे विभाग ने ट्रेन नंबर 04351 व ट्रेन नंबर 04352 का संचालन शुरू किया है। यह ट्रेन दिल्ली से रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ होते हुए हिसार जंक्शन के मध्य चलेगी। ट्रेन का संचालन शुरू होने से हिसार व महेंद्रगढ़ सहित रेवाड़ी व गुरुग्राम के दैनिक यात्रियों को फायदा मिलेगा।
ट्रेन नंबर 04351 सुबह 5 बजे दिल्ली से रवाना होगी। सुबह 6.03 बजे गुरुग्राम रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी और 2 मिनट ठहराव के उपरांत रेवाड़ी-महेंद्रगढ़ के लिए रवाना होगी। यह ट्रेन रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, लोहारू होते हुए दोपहर बाद 3.15 बजे हिसार जंक्शन पहुंचेेगी। ट्रेन नंबर 04352 सुबह 4.35 बजे हिसार जंक्शन से रवाना होगी, जोकि सुबह 8.33 बजे महेंद्रगढ़, 10.20 बजे रेवाड़ी जंक्शन, 11.45 बजे गुरुग्राम रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। गुरुग्राम रेलवे स्टेशन पर ठहराव के उपरांत रवाना होकर दोपहर 1.05 बजे दिल्ली जंक्शन पहुंचेगी।
गुरुग्राम रेलवे स्टेशन अधीक्षक शंकर लाल मीणा ने बताया कि ट्रेन का संचालन 17 अगस्त से शुरू हुआ है। ट्रेन के रोजाना आवागमन से दिल्ली-रेवाड़ी-महेंद्रगढ़-हिसार रूट के हजारों यात्रियों को फायदा मिलेगा।
---- संवाद