गुरुग्राम। खुद को सोहना विधायक संजय सिंह का निजी सचिव बताकर एक व्यक्ति द्वारा मनरेगा लोकपाल को जान से मारने की धमकी व गाली गलौच करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पीड़ित को व्हाट्सएप कॉल कर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने मुख्यमंत्री, गृह मंत्री, पुलिस आयुक्त, मानव अधिकार आयोग, राज्यपाल, पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश, डीसीपी क्राइम व सोहना थाना प्रभारी को पत्र लिखकर मामले की शिकायत की है। फर्रूखनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मूल रूप से सोहना तहसील अंतर्गत दौहला गांव के निवासी भगवान सिंह ने शिकायत देकर बताया कि वह अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय (एडीसी) में मनरेगा लोकपाल के पद पर कार्यरत हैं। बीती 25 मई को उन्होंने लायंस व्हाट्सएप ग्रुप पर सोहना विधायक संजय सिंह की कार्यशैली के बारे में कुछ टिप्पणी की थी। बाद में ग्रुप के वरिष्ठ सदस्यों के कहने पर टिप्पणी को डिलीट कर दिया था। इसके बाद 27 मई को देवेंद्र उर्फ देवीलाल नामक एक व्यक्ति की उनके पास कॉल आई।
-----
गोली मारने व अंजाम भुगतने की धमकी देता रहा:
आरोपी ने सोहना विधायक का निजी सचिव बताते हुए उनके द्वारा ग्रुप पर की गई टिप्पणी को लेकर उनसे गाली गलौच शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देने लगा। शिकायतकर्ता के मुताबिक आरोपी ने पहले भी उनको कॉल की थी, लेकिन वह कॉल रिसीव नहीं कर पाए थे। आरोपी इतने पर भी नहीं माना और 27 मई की देर रात तक उनके पास कॉल कर उनको गोली मारने व अंजाम भुगतने धमकी देता रहा। पीड़ित ने पुलिस को साक्ष्य के तौर पर आरोपी से हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराई हैै, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।