अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर ओल्ड रेलवे रोड स्थित प्रेम मंदिर में मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ के मद्देनजर शुक्रवार को मार्ग परिवर्तन किया गया। शाम 4 बजे से यहां मेला आयोजित होगा। इस दौरान भारी भीड़ और सड़क पर यातायात व्यवस्था की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने मार्ग परिवर्तन लागू करते हुए एडवाइजरी जारी की है।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को अपने गंतव्य तक जाने के लिए विकल्प के तौर पर अन्य सड़कों का प्रयोग करने और पुलिस के निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। यातायात पुलिस की ओर से जारी एडवाइजरी के तहत शुक्रवार की शाम करीब 4 बजे से ओल्ड रेलवे रोड पर मार्ग परिवर्तन शुरू होगा। ऐसे में सेक्टर-4/7 चौक से सोहना चौक की ओर जाने वाले वाहनों को न्यू कॉलोनी मोड़ से होते हुए पटौदी रोड की ओर भेजा जाएगा, जोकि सोहना चौक पर निकलकर राजीव चौक की ओर जा सकेंगे। वहीं, सोहना चौक से ओल्ड रेलवे रोड की ओर जाने वाले वाहनों को शिव मूर्ति से बांई तरफ मुड़कर लेडी फातिमा स्कूल, न्यू कॉलोनी मोड़ होते हुए सेक्टर-4/7 चौक की ओर जा सकेंगे।
-
सभी वाहन चालक सड़क पर लगे ट्रैफिक संकेतकों और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। प्रेम मंदिर पर लगने वाले मेले को देखते हुए शाम 4 बजे से देर रात तक होने वाली भीड़ व जाम की स्थिति को देखते हुए मार्ग परिवर्तित किया है, ताकि वाहन चालकों व मेले में आने वाले लोगों को परेशानी न हो। -विकास वर्मा, पुलिस प्रवक्ता, यातायात