गुरुग्राम। शहर की सड़कों पर वाहनों का सुचारू संचालन कराने के लिए यातायात पुलिस अलर्ट मोड पर रही। पुलिस अधिकारी व कर्मचारी प्रमुख चौराहों सहित जलभराव वाले संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहे। जलभराव व वाहनों के दबाव को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने आवश्यक दिशा-निर्देशों के साथ विशेष निगरानी की, ताकि बारिश में जाम की समस्या न हो। दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48), सोहना रोड, गोल्फ कोर्स रोड और एमजी रोड पर विशेष निगरानी रखी गई। इसके अलावा इफको चौक, शंकर चौक, माता मंदिर रोड, ओल्ड दिल्ली रोड व सेक्टर-4/7 चौक सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर पुलिसकर्मी तैनात रहे। फील्ड में तैनात पुलिसकर्मियों ने मौके पर यातायात का संचालन करके वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित किया। यातायात पुलिस प्रवक्ता विकास वर्मा ने बताया कि बारिश के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पुलिस टीमें प्रयास कर रही हैं। जलभराव वाले स्थानों पर सावधानी बरतें और अनावश्यक रूप से सड़क किनारे वाहन खड़ा न करें। यातायात नियमों का पालन करके पुलिस का सहयोग करें। ब्यूरो