अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। अगस्त माह में यातायात पुलिस ने वाहन चलाते समय मोबाइल को प्रयोग करने वाले 142 चालकों के चालान काटे है। पुलिस ने यह कार्रवाई पूरे माह के दौरान विशेष अभियान चलाकर की है। यातायात पुलिस की ओर से जारी आंकड़ाें के अनुसार एक अगस्त से 31 अगस्त तक वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग करने वाले चालकों की मॉनिटरिंग की गई। इस दौरान पुलिस टीमों ने मोटरव्हीकल एक्ट के तहत 142 चालान काटे। पुलिस ने चालकों पर 7.15 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। पुलिस के अनुसार वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग करने से चालक का ध्यान भटकता है और सड़क दुर्घटना होने का मुख्य कारण बनता है। यातायात पुलिस प्रवक्ता विकास वर्मा ने बताया कि सड़कों पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों को तोड़ने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।