फ्लाईओवर के निर्माण कार्य के कारण किया गया डायवर्जन
मानेसर। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर मानेसर में बन रहे फ्लाईओवर के निर्माण कार्य के कारण यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। यातायात पुलिस ने रविवार से दिल्ली से जयपुर जाने वाले मार्ग का ट्रैफिक सर्विस रोड पर डायवर्ट कर दिया। अब इस दिशा में जाने वाले सभी वाहन सर्विस रोड से होकर गुजर रहे हैं।
फ्लाईओवर का निर्माण तेजी से चल रहा है। इसी वजह से मुख्य हाईवे के एक हिस्से पर काम किया जा रहा है। निर्माण कार्य सुरक्षित तरीके से पूरा हो सके, इसके लिए ट्रैफिक को सर्विस रोड पर भेजने का फैसला लिया गया है। इससे पहले यातायात पुलिस ने नए रूट का ट्रायल भी किया था। ट्रायल के दौरान कई जगह वाहनों की लंबी कतारें लग गई थी और लोगों को जाम का सामना करना पड़ा था। हालांकि, रविवार को हाईवे पर सामान्य दिनों की तुलना में वाहनों की संख्या कम रही। छुट्टी होने के कारण ट्रैफिक का दबाव भी कम था, इसलिए रूट डायवर्जन के बावजूद यातायात सामान्य बना रहा। यातायात पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि वे सफर पर निकलने से पहले ट्रैफिक डायवर्जन की जानकारी जरूर लें। रूट डायवर्ट के चलते हाईवे के दोनों तरफ बैरिकेडिंग की गई है। ताकि निर्माण कार्य के दौरान किसी भी हादसे से बचा जा सके। फ्लाईओवर का निर्माण पूरा होने के बाद इस मार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होने और वाहन चालकों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। तब तक लोगों को कुछ समय के लिए बदले हुए रूट का इस्तेमाल करना होगा। संवाद