- सड़क धंसने के बाद सीवर का बहाव दूसरे मैनहोल में मोड़ा, सुधार कार्य शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित इफ्को चौक के पास बुधवार सुबह सर्विस लेन बंद होने से वाहन चालकों को जाम से जूझना पड़ा। यहां सड़क धंसने के बाद जीएमडीए ने प्रभावित हिस्से की मरम्मत की कार्रवाई शुरू कर दी है। सड़क धंसने की घटना मास्टर सीवर लाइन के पास हुई है। आसपास के क्षेत्र में और कटाव रोकने के लिए इंजीनियरिंग टीम ने पंपिंग मशीनरी लगाकर सीवर के पानी का बहाव दूसरे मैनहोल की ओर मोड़ दिया है।
जीएमडीए के सीईओ पीसी मीणा के निर्देश पर इंजीनियरिंग विंग की टीम ने मौके का निरीक्षण किया। प्रभावित हिस्से की बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। संबंधित एजेंसी को मशीनरी और कर्मचारियों के साथ मौके पर तैनात किया गया है। अधिकारियों के अनुसार सड़क के नीचे मिट्टी का और कटाव रोकने के लिए सीवर के बहाव को कम करना जरूरी है। बारिश के बावजूद मौके पर जरूरी कार्य जारी रखा गया।
जीएमडीए अधिकारियों ने बताया कि सीवर का बहाव कम होने और प्रभावित क्षेत्र की सफाई के बाद पाइपलाइन की विस्तृत जांच की जाएगी। इससे लाइन को हुए नुकसान और उसके कारण का पता चलेगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर सुधार कार्य कराया जाएगा। सीईओ ने अधिकारियों को कार्य की लगातार निगरानी के निर्देश दिए हैं।
एमजी रोड से आने वालों को परेशानी-
सड़क धंसने और मरम्मत कार्य के कारण एमजी रोड की ओर से इफ्को चौक आने वाले वाहन चालकों को परेशानी हुई। सर्विस लेन बंद होने और बैरिकेडिंग के कारण सड़क संकरी हो गई। सुबह कार्यालय जाने के समय यहां जाम लग गया। वाहन चालकों के अनुसार इफ्को चौक पहले से व्यस्त है, ऐसे में सर्विस लेन बंद होने से आसपास की सड़कों पर भी यातायात का दबाव बढ़ गया।