तीन प्रमुख मार्गों को एलिवेटेड करने की तैयारी, डीपीआर अंतिम चरण में
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। पुराने गुरुग्राम में रोज लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए अब सड़कों को जमीन से ऊपर उठाने की तैयारी है। जीएमडीए तीन प्रमुख मार्गों को एलिवेटेड करने की योजना पर काम कर रहा है और इनकी डीपीआर अंतिम चरण में पहुंच गई है। डीपीआर के आधार पर परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।
पुराने शहर में लगातार जाम की समस्या बनी रहती है। व्यस्त मार्गों पर पीक आवर्स में वाहनों का दबाव बढ़ने से लोगों को काफी समय जाम में बिताना पड़ता है। वहीं, घनी आबादी और निर्माण के कारण इन सड़कों को जमीन पर चौड़ा करने की ज्यादा गुंजाइश नहीं है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) तीन प्रमुख मार्गों को एलिवेटेड करने की तैयारी कर रहा है। योजना के तहत पहला एलिवेटेड कॉरिडोर राजीव चौक-ओल्ड रेलवे रोड-सेक्टर-5/6 रोड और शीतला माता रोड होते हुए अतुल कटारिया चौक तक प्रस्तावित है। दूसरा कॉरिडोर महावीर चौक से एमडीआई होते हुए इफ्को चौक तक बनाया जाएगा। तीसरा कॉरिडोर पुरानी दिल्ली रोड पर अतुल कटारिया चौक से डूंडाहेड़ा होते हुए द्वारका एक्सप्रेसवे तक प्रस्तावित है। परियोजनाओं की योजना तैयार करते समय मौजूदा फ्लाईओवर, प्रस्तावित मेट्रो कॉरिडोर और अन्य आधारभूत ढांचे के साथ तालमेल का भी ध्यान रखा जा रहा है। डीपीआर में यातायात दबाव, मार्ग की मौजूदा स्थिति और भविष्य की जरूरतों को भी शामिल किया जा रहा है।
-
तीनों मार्गों को एलिवेटेड करने की योजना पर काम चल रहा है। कंसल्टेंट डीपीआर को अंतिम रूप देने में जुटा है। उसी अनुसार परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा। -अमित गोदारा, कार्यकारी अभियंता, जीएमडीए