सेक्टर 51 से 115 में ट्रैफिक लाइट और स्मार्ट सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम लगाने की तैयारी
अपराध पर लगेगा अंकुश, यातायात उल्लंघन रोकने में मदद मिलेगी
मनोज धर द्विवेदी
गुरुग्राम। साइबर सिटी के नए सेक्टरों में यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारियों में गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) जुट गया है। इसके तहत सेक्टर 51 से 115 में ट्रैफिक लाइट और स्मार्ट सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम लगाने की तैयारी है। इसमें सीसीटीवी कैमरे, स्पीड कैमरे, ऑटोमेटिक नंबर-प्लेट रिकॉग्निशन (एएनपीआर) कैमरे और रेड लाइट वॉयलेशन डिटेक्शन (आरएलवीडी) कैमरे शामिल हैं। इससे अपराध और यातायात उल्लंघन रोकने में मदद मिलेगी।
अभी पुराने शहर और डीएलएफ समेत सेक्टर 50 तक ट्रैफिक लाइट और सीसीटीवी का पूरा नेटवर्क है। इससे यातायात पुलिस को वाहनों को कंट्रोल करने में मदद मिलती है। वहीं, मास्टर प्लान के तहत बने नए सेक्टरों में भी ट्रैफिक लाइटों का अभाव है। ऐसे में वाहन चालक मनमाने तरीके से सेक्टरों में चलते हैं और हादसा होने की संभावना बनी रहती है। विकसित हो रहे इन सेक्टरों में यातायात को व्यवस्थित करने की तैयारियों में जीएमडीए जुट गया है।
जीएमडीए की योजना हैं कि अभी इन सेक्टरों में वाहनों की संख्या बढ़ने से पहले यातायात संबंधी तैयारियों को बेहतर कर दिया जाए। ऐसे में सभी सेक्टरों के चौक-चौराहों और टी प्वाइंट समेत अन्य जगहों पर रेड लाइट का इंतजाम करा दिया जाए। इसके लिए सेक्टर 51 से 115 तक ट्रैफिक लाइट लगाने की तैयारी है। इसकी कार्ययोजना तैयार कर ली गई है और सीईओ से विचार-विमर्श के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी। जीएमडीए की योजना है कि नए सेक्टरों में लगने वाली ट्रैफिक लाइटों में तकनीक का प्रयोग और बेहतर बनाया जाए। दूसरी ओर इन सेक्टरों में काफी हाईराइज सोसाइटियां हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था के लिए कई प्रकार के सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। जीएमडीए ने इसका भी पूरा खाका तैयार कर लिया है।
-
परियोजना पर 15 करोड़ खर्च करेगा जीएमडीए
जीएमडीए के अनुसार नए 64 सेक्टरों में ट्रैफिक लाइट का प्रावधान कराया जाना है। एक सेट ट्रैफिक लाइट लगवाने का खर्च करीब 15 लाख रुपये आएगा। ऐसे में इस परियोजना पर जीएमडीए करीब 10-15 करोड़ रुपये खर्च करेगा। वहीं, सेक्टरों की मेन रोड पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। न्यू सेक्टरों में सड़क सुरक्षा की इलेक्ट्रॉनिक निगरानी और रोकथाम सुनिश्चित करने के लिए प्राधिकरण विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर 200 से ज्यादा कैमरे लगवाएगा। इससें अपराध और यातायात उल्लंघन रोकने में मदद मिलेगी। कैमरों को जीएमडीए के सेक्टर 43 कमांड सेक्टर से जोड़ा जाएगा। इसका भी करोड़ाें का बजट है।
वर्जन-
सेक्टर 51 से 115 तक यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के लिए ट्रैफिक लाइट लगाने की योजना बनाई गई है। जीएमडीए का प्रयास है कि नए सेक्टर पूरी तरह से विकसित होने से पहले सभी चौक पर ट्रैफिक लाइट लग जाए। सीईओ की मंजूरी के बाद टेंडर जारी कर दिया जाएगा।
-रि. कर्नल आरडी सिंघल, प्रभारी मोबिलीटी डिवीजन जीएमडीए
-
फेज दो में नए सेक्टरों में सीसीटीवी सर्विलांस कैमरे लगाने की योजना है। सेक्टरों की प्रमुख जगहों को इसके तहत कवर किया जाएगा। इसके लिए कार्य योजना तैयार है। जीएमडीए का प्रयास है कि पूरे शहर पर कमांड सेंटर से सीसीटीवी कैमरों की मदद से नजर रखी जा सके। -पीके अग्रवाल, प्रभारी स्मार्ट सिटी डिवीजन जीएमडीए