100 से ज्यादा लोगों ने पंजीकरण कराया
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। एम्मार इंपीरियल गार्डन सेक्टर 102 में मंगलवार को द्वारका एक्सप्रेसवे के टोल को लेकर मासिक पास बनाने के लिए कैंप लगाया गया। इसमें 100 से ज्यादा लोगों ने पंजीकरण कराया। टोल के बीस किमी के दायरे में आने वाली सोसाइटियों, सेक्टरों और गांवों के लोगों का मासिक पास बनाया जाना है।
द्वारका एक्सप्रेसवे निवासी प्रखर सहाय ने बताया कि एनएचएआई के साथ मिलकर पास बनवाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर एम्मार इंपीरियल में मंगलवार को कैंप का आयोेजन किया गया। उन्होंने बताया कि कैंप में पंजीकरण का ट्रायल सफल रहा है। प्रखर ने बताया कि सेक्टर 99 से दिल्ली बार्डर वाले सेक्टर में कैंप लगेगा। रोज छह सोसाइटी में कैंप का आयोजन होगा। हर रविवार को तीन कैंप बड़ी सोसाइटियों में लगवाए जाएंगे। प्रखर ने बताया कि इस कैंप में सेक्टर के लोग भी पास बनवा सकेंगे। बता दें कि द्वारका एक्सप्रेस वे पर टोल टैक्स रविवार से शुरू हो गया है। इससे टोल के आसपास के लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है और कई आरडब्ल्यूए इसका विरोध कर रहे हैं। द्वारका एक्सप्रेसवे के साथ काफी हाईराइज सोसाइटियां हैं। इन सोसाइटियों में कैंप लगाकर पास जारी करने की योजना है। टोल के बीस किमी के दायरे में आने वाले लोगों को 340 रुपये देकर मासिक पास बनाया जाना है।