साइंस में 15 प्रतिशत सीटें अभी खाली, पत्रकारिता विषय की भी ज्यादातर सीटों पर मौका
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। स्नातक और स्नातकोत्तर कोर्स में दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए आज अंतिम मौका है। उच्चतर शिक्षा निदेशालय की ओर से तीसरी बार दाखिले के लिए पोर्टल खोला गया है। कई कॉलेजों में सीटें खाली होने के कारण कॉलेज प्रशासन ने पोर्टल को फिर से खोलने की मांग की थी। इसके बाद निदेशालय ने तीसरी बार खोलने का निर्णय था। हालांकि, अभी भी कई सरकारी महाविद्यालयों में साइंस विषय में 15 प्रतिशत सीटें खाली हैं।
पहले चरण में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने कॉलेज में दाखिले लिए थे। बाद में कई विद्यार्थियों ने दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में दाखिला ले लिया और इसके बाद यहां के कॉलेजों से नाम कटवा लिए। इससे जिले के कॉलेजों में सीटें खाली हो गई हैं। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने इस स्थिति को देखते हुए दाखिले की प्रक्रिया को दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया था। ताकि जिन विद्यार्थियों को पहले मौका नहीं मिल पाया था, वे अब प्रवेश ले सकें। कॉलेज प्रशासन भी खाली सीटें भरने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। छात्रों से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि यानी आज ही पोर्टल पर जाकर पंजीकरण कर लें और आवश्यक दस्तावेजों के साथ कॉलेज में रिपोर्ट करें। इसके बाद दाखिले की प्रक्रिया बंद कर दी जाएगी। द्रोणाचार्य कालेज के नोडल अधिकारी संजय कत्याल ने बताया कि साइंस स्ट्रीम और पत्रकारिता में अधिकतर सीटें खाली हैं। काॅमर्स और बीकाॅम जैसे विषयों में सभी सीटें पहले चरण में ही भर गई थीं।