प्रदर्शनी में उत्कृष्ट शिक्षकों व विद्यालयों को किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्रााम। बुढ़ेड़ा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में क्लस्टर स्तर टीएलएम (टीचिंग लर्निंग मटेरियल) प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें कुल 10 विद्यालयों के शिक्षकों ने भाग लिया। प्रदर्शनी में जीपीएस सुल्तानपुर, जीपीएस कालियावास, जीपीएस झांझरौला, जीपीएस बुढ़ेड़ा, जीपीएस इकबालपुर, गवर्नमेंट मिडिल स्कूल सुल्तानपुर, गवर्नमेंट हाई स्कूल कालियावास, गवर्नमेंट मिडिल स्कूल बुढ़ेड़ा और गवर्नमेंट मिडल स्कूल झांझरौला के शिक्षकों ने अपने-अपने शिक्षण सामग्री मॉडल प्रस्तुत किए।
प्रदर्शनी में विभिन्न विषयों से संबंधित शिक्षण सामग्री को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया, जिसकी लोगों ने सराहना की। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों को सम्मानित किया गया। प्राथमिक विद्यालय वर्ग में जीपीएस झांझरौला ने प्रथम, जीपीएस बुढ़ेड़ा ने द्वितीय और जीपीएस सुल्तानपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, गवर्नमेंट मिडिल स्कूल वर्ग में जीएमएस झांझरौला प्रथम, जीएमएस सुल्तानपुर द्वितीय और जीएमएस बुढ़ेड़ा तृतीय स्थान पर रहे।
कार्यक्रम के अंत में विजेता शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया और सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की गई। प्रदर्शनी ने शिक्षकों में नवाचार की भावना को प्रोत्साहित किया तथा शिक्षण गुणवत्ता को और सुदृढ़ बनाने का संदेश दिया।