- डीसी से शिकायत कर रुकवाया था कब्जा, उसी का लिया बदला
12 नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज, तीन घायल अस्पताल में भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिले के घोड़ी गांव में अवैध कब्जे की शिकायत करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि डीसी से शिकायत करने की रंजिश में करीब 12 से अधिक लोगों ने गांव के एक दंपती सहित तीन ग्रामीणों पर हमला कर दिया। हमले में घायल तीनों लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर 12 नामजद सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चांदहट थाना प्रभारी सुंदरपाल ने बताया कि घोड़ी गांव निवासी अमित कुमार ने पुलिस को शिकायत दी है। शिकायत के अनुसार, अमित का और बलदेव का प्लॉट साथ-साथ है। बलदेव अपने प्लॉट की चारदीवारी करते समय पंचायत की लगभग 60 गज जमीन पर अवैध कब्जा कर रहा था। इस मामले की शिकायत अमित के ताऊ रामबीर ने पलवल डीसी से की थी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए डीसी ने टीम मौके पर भेजी और कब्जे को रुकवा दिया। इसी बात को लेकर बलदेव और शिकायतकर्ता परिवार के बीच गाली-गलौज हुई थी। इसके बाद बलदेव व उसके परिजनों ने रंजिश रखना शुरू कर दिया।
अमित की शिकायत के अनुसार, जब रामबीर अपने प्लॉट में मिट्टी डलवा रहे थे, तभी गजेंद्र, अतुल, बलदेव और धर्मवीर मौके पर पहुंचे। आरोप है कि वे चारदीवारी के भीतर घुसे और रामबीर पर हमला कर दिया। शोर सुनकर रामबीर का भाई प्रवीण वहां पहुंचा। तभी दीपक, जसवीर, अमित, नवीन, भीम, हरकेश, कृपा और धर्मवीर भी आ गए। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि सभी आरोपियों ने मिलकर लाठी-डंडों से रामबीर, उसकी पत्नी रामवती और भाई प्रवीण को पीटा। हमलावरों ने उन्हें धमकाया कि या तो वे गांव छोड़कर चले जाएं, नहीं तो जान से मार दिया जाएगा। हमले में घायल रामबीर, रामवती और प्रवीण को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चांदहट थाना पुलिस ने 12 नामजद सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।