-जीएमडीए तीनों सड़कों के लिए अलग-अलग कंसल्टेंट नियुक्त करने जा रहा
-अतुल कटारिया चौक से द्वारका एक्सप्रेसवे, महावीर चौक से इफ्को चौक और राजीव चौक से अतुल कटारिया चौक तक एलिवेटेड रोड बनेगी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ओल्ड गुरुग्राम में जाम की समस्या को दूर करने का प्रयास कर रहा है। इसके लिए प्राधिकरण तीन सड़कों को एलिवेटेड बनाने की योजना बना रहा है। इसके लिए सलाहकार एजेंसी रखी जाएगी जोकि परियोजना की डीपीआर तैयार करेगी।
पुराने शहर में जाम की गंभीर समस्या है और लोगों को घंटों जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। पुराने शहर की सड़कों को चौड़ा करने की गुंजाइश नहीं है। ऐसे में जीएमडीए तीन प्रमुख सड़कों को एलिवेटेड बनाना चाह रहा है। इसमें राजीव चौक-ओल्ड रेलवे रोड-सेक्टर 5/6 रोड-शीतला माता रोड से अतुल कटारिया चौक, महावीर चौक-एमडीआई-इफ्को चौक तक और पुरानी दिल्ली रोड पर अतुल कटारिया चौक-डूंडाहेड़ा से द्वारका एक्सप्रेसवे तक रोड को एलिवेटेड बनाने की योजना है। ओल्ड दिल्ली रोड के एलिवेटेड बनने से उद्योग विहार और एयरपोर्ट दिल्ली जाना आसान होगा।
जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता अमित गोदारा ने बताया कि तीनों सड़कों को एलिवेटेड निर्माण की योजना है। उन्होंने बताया कि कंसल्टेंट रखने के लिए अलग-अलग तीन टेंडर जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि कंसल्टेंट तीनों परियोजना पर रिपोर्ट देगा और इसी अनुसार इसे आगे बढ़ाया जाएगा। मदनपुरी निवासी संजय ठकराल ने कहा कि यदि पुराने शहर की तीन सड़कें एलिवेटेड बन जाती हैं तो शहर की तस्वीर बदल जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे जाम की समस्या दूरी होगी और हाईवे के साथ एक्सप्रेसवे पर जाना आसान हो जाएगा।