लुधियाना में चल रही है जूनियर नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप
गुरुग्राम। लुधियाना में चल रही जूनियर नेशनल बास्केटबॉल प्रतियोगिता में तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ी गुरुग्राम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। भूमि कटारिया, मायरा बब्बर और वीर सिंह इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं। यह प्रतियोगिता 1 सितंबर से शुरू हुई थी और 9 सितंबर तक चलेगी। खास बात यह कि यह तीनों खिलाड़ी लगातार तीसरी बार नेशनल स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
खिलाड़ियों ने रवाना होने से पहले कहा कि उनका लक्ष्य न केवल टीम को जीत दिलाना है, बल्कि हरियाणा और खासकर गुरुग्राम का नाम रोशन करना है। कोच का मानना है कि यह तीनों खिलाड़ी अनुशासन, फिटनेस और टीम स्पिरिट में बेहद मजबूत हैं।
गुरुग्राम के खेल प्रेमियों को भी इन युवा खिलाड़ियों से बड़ी उम्मीदें हैं। खेल प्रेमियों का कहना है कि लगातार तीसरी बार नेशनल में चयन होना अपने आप में उनकी मेहनत, लगन और प्रतिभा का प्रमाण है। संवाद