- छीनी गई कार और मोबाइल आरोपियों के पास मिले
अमर उजाला ब्यूराे
गुरुग्राम। कैब चालक के साथ मारपीट करके कार, मोबाइल सहित अन्य दस्तावेज लूटने वाले तीन आरोपियों को पटौदी थाने की पुलिस ने रविवार को जाटौला गांव से काबू किया है। आरोपियों में दो नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों से एक देसी कट्टा, दो कारतूस, एक चाकू बरामद किए हैं। वहीं, मारपीट करके छीनी गई कार और मोबाइल भी आरोपियों के पास मिले हैं।
कैब चालक के साथ मारपीट मामले में एक आरोपी की पहचान उत्तर दिनाजपुर (पश्चिम बंगाल) के मोहिनगर निवासी मोसूद (19 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं, दोनों नाबालिग आरोपी भी पुलिस हिरासत में हैं। आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि वे नशा करने के आदी हैं और उन्होंने गुरुग्राम के सेक्टर-12 स्थित एक पार्क में बैठकर गाड़ी लूटने की योजना बनाई। तीनों आरोपियों ने कैब बुक करके वारदात को अंजाम दिया।
बता दें कि कानपुर (उत्तर प्रदेश) के कुष्मांडा नगर निवासी दीपक कुमार ने पटौदी थाने में दी शिकायत में बताया था कि गुरुग्राम के झाड़सा में किराये पर रहता है। वह अपने ससुर के नाम स्विफ्ट कार लेकर रैपिडो, उबर, ओला को चलाता है। नौ अक्तूबर की रात को सेक्टर-12 से पटौदी के लिए बुकिंग मिली थी। पांच लोगों को गाड़ी में बैठाकर वह पटौदी के लिए चल पड़ा। पटौदी क्षेत्र के बाईपास के पास पहुंची तो एक युवक ने उल्टी आने की बात कहकर कार को रुकवा लिया। बदमाशों ने हथियार के बल पर दीपक कुमार को बंधक बनाकर स्विफ्ट कार, मोबाइल, 1300 रुपये नकदी, डेबिट कार्ड, लाइसेंस सहित अन्य दस्तावेज लूट लिए।
वर्जन
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि लूट के मामले में दो नाबालिग सहित तीन आरोपी गिरफ्तार करके पूछताछ की जा रही है। जांच व पूछताछ के बाद ही आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड के बारे में पता चल सकेगा। मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।