सेक्टर-72 के 220 केवी सबस्टेशन में शुक्रवार को हुआ था धमका
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-72 के 220 केवी सबस्टेशन में शुक्रवार को ब्लास्ट और रैपिड मेट्रो का परिचालन ठप होने के बाद बिजली निगम हरकत में आया है। रैपिड मेट्रो का संचालन ठप होने की गाज तीन अधिकारियों पर गिरी है। उन्हें निलंबित किया गया। भीषण गर्मी की वजह से रविवार को 2449 मेगावाट बिजली की आपूर्ति की गई। कटौती की वजह से रविवार को कई जगह एटीएम बंद होने की शिकायत लोगों ने की।
सेक्टर 72 के सबस्टेशन में गड़बड़ी होने की स्थिति फरीदाबाद के पाली स्थित 220 केवी सबस्टेशन से सेक्टर 56 में बिजली की आपूर्ति कर रैपिड मेट्रो को चालू रखा जाना चाहिए था। इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार मानते हुए एचवीपीएन ने पाली के प्रभारी एसडीओ संदीप सिंह,जेई ब्रजेश और सेक्टर 72 सबस्टेशन के जेई संदीप नैन को विभाग ने निलंबित कर इस मामले की जांच शुरू कर दी है। दिल्ली मेट्रो डीएमआरसी को सेक्टर 52 के सबस्टेशन और दिल्ली से बिजली की आपूर्ति होती है जबकि रैपिड मेट्रो को सेक्टर 28 और 56 से बिजली की आपूर्ति होती है। सेक्टर 72 के 220 केवी सबस्टेशन के ब्लास्ट के कारण सेक्टर 56 का सबस्टेशन में बिजली बंद हो गई, जिससे रैपिड मेट्रो बंद हुई। एचवीपीएन के कार्यकारी अभियंता अनिल मलिक ने बताया कि अब ट्रिपिंग 5 मिनट से ज्यादा नहीं हो इसकी कवायद शुरू हो गई है।
सेक्टर 72 में एक वैकल्पिक ट्रांसमिशन लाइन लाने का निर्णय भी एचवीपीएन लिया है।
बिजली कटौती ने किया बेहाल
सेक्टर 107 के सबस्टेशन से चार सोसाइटियां जुड़ी हुई हैं। दोपहर 2:30 बजे से 6 बजे तक कई बार बिजली की ट्रिपिंग हुई और परेशानी का सामना करना पड़ा।
बृज किशोर, सत्या हर्मिटेज, सेक्टर 103
भीषण गर्मी के बीच सोसाइटी में रात के 10 बजे से दो बजे तक बिजली नहीं होती है। हमें आशंका है कि हमारा लोड औद्योगिक क्षेत्र या कहीं और दिया जा रहा है।
- राज सिंघल, ग्रुप कैप्टन एटीएस ककून, सेक्टर 109