पॉक्सो मामले में मध्य प्रदेश से नाबालिग बालिका सकुशल बरामद, आरोपी गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। शहर थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार करने के साथ अवैध शराब बरामद की है। इसके अलावा पुलिस ने पॉक्सो अधिनियम से जुड़े मामले में अपहृत नाबालिग बालिका को मध्य प्रदेश से सकुशल बरामद कर आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत गुप्त सूचना के आधार पर ग्वारका निवासी अब्दुल हुसैन पुत्र रुस्तम उर्फ सक्का को तावड़ू शहर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना सदर तावड़ू में चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट सहित पहले से तीन मामले दर्ज हैं।
घर से 50 पव्वे देसी शराब बरामद
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने वार्ड नंबर सात, शिवनगर निवासी रिंकू पुत्र भगवान को आबकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के घर पर दबिश देकर 50 पव्वे देसी शराब बरामद की। पुलिस के मुताबिक आरोपी शराब बिक्री के लिए बिना लाइसेंस और परमिट के शराब रखे हुए था। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में पहले से नौ मामले दर्ज हैं।
पन्ना से नाबालिग बालिका बरामद
तीसरी कार्रवाई में पुलिस ने पॉक्सो अधिनियम के मामले में अपहृत नाबालिग बालिका को मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के अमानगंज थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद किया। मामले में पन्ना निवासी अशोक चौधरी पुत्र हिसाबी चौधरी को गिरफ्तार किया गया है।