-सेक्टर-104 प्रोजेक्ट में किया था फ्लैट बुक
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-104 स्थित हीरो होम्स प्रोजेक्ट के तीन खरीदारों को देरी से पजेशन देने पर अब बिल्डर की तरफ से ब्याज दिया जाएगा। यह आदेश हरियाणा रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण (हरेरा) ने दिया है। प्राधिकरण ने फ्लैट का कब्जा देने में देरी के मामले में बिल्डर विकास पार्क प्राइवेट लिमिटेड को खरीदारों की जमा राशि पर 10.95 फीसदी सालाना ब्याज की दर से मुआवजा देने का आदेश दिया है। यह आदेश हरेरा के चेयरमैन अरुण कुमार ने दिया है। बिल्डर को यह ब्याज राशि 90 दिन के अंदर खरीदारों को देनी होगी।
सुरिंदर सिंह नेगी की तरफ से दायर की गई याचिका में बताया कि उन्होंने उनका बिल्डर के साथ 22 अप्रैल 2019 को समझौता हुआ था। फ्लैट का कुल बिक्री मूल्य 77.53 लाख रुपये था। दूसरी शिकायत में विशेक वर्मा ने बताया कि उनका समझौता 8 मई 2019 को हुआ था और फ्लैट की कीमत 92.98 लाख रुपये थी। तीसरी शिकायत इंद्रनील भट्टाचार्य और अनन्या भट्टाचार्य की थी। उनका बिल्डर के साथ 18 मई 2019 को हुए समझौते के तहत फ्लैट का बिक्री मूल्य 1.05 करोड़ रुपये था।
प्राधिकरण ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद माना कि खरीदारों को फ्लैट का कब्जा देने की निर्धारित समयसीमा 28 फरवरी 2024 थी। इसमें कोविड-19 के कारण छह महीने की अतिरिक्त छूट भी शामिल थी। हालांकि, बिल्डर को प्रोजेक्ट का ऑक्यूपेशन सर्टिफिकेट (ओसी) 20 जनवरी 2025 को मिला और इसके बाद 25 फरवरी 2025 को खरीदारों को कब्जे का प्रस्ताव दिया गया। इस तरह निर्धारित समयसीमा के बाद कब्जे का प्रस्ताव दिया गया।
खरीदारों को 28 फरवरी 2024 से लेकर कब्जे का प्रस्ताव मिलने के दो महीने पूरे होने अथवा वास्तविक कब्जा सौंपे जाने की तारीख, दोनों में से जो पहले हो तब तक के लिए 10.95 फीसदी वार्षिक ब्याज मिलेगा।