संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम।
सब-नेशनल इम्यूनाइजेशन डे (एसएनआईडी) के तहत जिले में तीन दिवसीय पोलियो अभियान की शुरुआत हुई। सिविल सर्जन डॉ. अलका सिंह ने सेक्टर-31 स्थित पॉलीक्लिनिक में बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। पहले ही दिन 2.31 लाख बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई।
डॉ. अलका सिंह ने बताया कि उपायुक्त अजय कुमार के मार्गदर्शन में चल रहा यह अभियान 14 अक्तूबर तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि भारत व हरियाणा भले ही पोलियो मुक्त घोषित हो चुके हैं, लेकिन वैश्विक स्तर पर अब भी कुछ देशों में पोलियो के मामले सामने आ रहे हैं, इसलिए हमें सतर्क रहना जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा छूट न जाए।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. जयप्रकाश ने बताया कि जिले में कुल 3,97,265 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 1673 बूथ, 49 ट्रांजिट टीमें और 147 मोबाइल टीमें बनाई गई हैं। अभियान में 5137 स्वास्थ्यकर्मी भाग ले रहे हैं, जो घर-घर जाकर तथा सार्वजनिक स्थलों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगे।