- रास्ते को लेकर विवाद, लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से घायल करने का आरोप
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी पलवल। चांदहट थाना क्षेत्र के गांव बड़ौली में खेत में तार लगाने गए तीन सगे भाइयों पर हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में विजयपाल, राजबीर और बलबीर घायल हो गए। तीनों को जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने 11 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
शिकायतकर्ता विजयपाल के अनुसार, सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह खेत में तार लगाने गया था। वहां सुरेंद्र ने रास्ते को लेकर विवाद करते हुए गाली-गलौज की और थप्पड़ मार दिया। शोर सुनकर उसके दोनों भाई मौके पर पहुंचे। आरोप है कि तभी अन्य आरोपी लाठी-डंडों और धारदार हथियारों के साथ आए और तीनों भाइयों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। थाना प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट में चोटों की पुष्टि हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।