वाहन चालकों के खिलाफ बादशाहपुर थाना, पालम विहार थाना व शिवाजी नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिले में हुए तीन सड़क हादसों में तीन बाइक सवार घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया। पीड़ितों की शिकायतों के आधार पर 12 अक्तूबर को स्कॉर्पियो, ऑटो व कार चालक के खिलाफ बादशाहपुर थाना, पालम विहार थाना व शिवाजी नगर थाना में सड़क हादसे संबंधी धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
बादशाहपुर थाने में दी शिकायत में पंकज सिंह ने बताया कि वे देवीलाल कॉलोनी में रहते है और अमेजन कंपनी में इलेक्ट्रीशियन का काम करते हैं। 11 अक्तूबर को बेगमपुर खटोला गांव में काम से गया था। रात करीब 11 बजे बाइक पर सवार होकर वापस आ रहा था तो बेगमपुर खटोला गांव में श्मशान घाट वाली गली के पास एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में पंकज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें उपचार के लिए हीरो होंडा चौक के पास निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर
पालम विहार थाने में दी शिकायत में प्रमोद कुमार ने बताया कि वह कार्टरपुरी गांव में रहता है। 9 अक्तूबर की सुबह करीब 9 बजे बाइक पर सवार होकर सेक्टर-23 की ओर जा रहा था। इसी दौरान सेक्टर-23ए के गेट-2 के पास स्कॉर्पियो ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक स्कॉर्पियो को लेकर मौके से भाग गया। राहगीरों ने घायल प्रमोद कुमार को उपचार के लिए पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
हादसे में दाहिना पैर टूट गया
शिवाजी नगर थाने में दी शिकायत में न्यू माता मंदिर रोड राजीव नगर निवासी वेद प्रकाश ने बताया कि 11 अक्तूबर की सुबह करीब 6 बजे बाइक पर सवार होकर राजीव नगर से खांडसा मंडी की ओर जा रहा था। रास्ते में डीएवी स्कूल के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ऑटो ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। जिससे वेद प्रकाश का दाहिना पैर घुटने से लेकर नीचे की तरफ कई जगह टूट गया। हादसे के बाद चालक ऑटो को लेकर मौके से भाग गया। राहगीरों ने डायल 112 पर कॉल करके पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने एंबूलेंस की मदद से घायल को उपचार के लिए सेक्टर-51 स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
तीनों हादसों को अंजाम देने वाले वाहनों स्कॉर्पियो, कार व ऑटो के पंजीकरण नंबर के आधार पर चालकों की पहचान की जा रही है। जल्द ही तीनों चालकों को जांच में शामिल करके आगामी कार्रवाई की जाएगी। - संदीप कुमार, पुलिस प्रवक्ता