सेक्टर-40 थाना पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। अपराध शाखा सेक्टर-40 टीम ने अवैध हथियार रखने और मुहैया कराने पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस टीम ने एक देसी पिस्टल, एक रिवाॅल्वर,पांच कारतूस और एक गाड़ी बरामद की है। टीम की शिकायत पर सेक्टर-40 थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान हिसार के बालसमंद गांव निवासी राहुल, गांव गुलेरी निवासी विक्रम और सीसवाल गांव निवासी अशोक उर्फ शौकी के रूप में हुई है।
अपराध शाखा सेक्टर-40 टीम ने आरोपी राहुल और विक्रम को सेक्टर-45 और आरोपी अशोक को सेक्टर- 34, से गिरफ्तार किया है। राहुल और विक्रम से पुलिस ने हथियार और कारतूस बरामद किए है। पूछताछ में पता चला कि आरोपियों को हथियार अशोक ने 90 हजार रुपये में दिए थे। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड से पता चला कि आरोपी विक्रम पर मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं के तहत एक मामला गुरुग्राम में पहले भी दर्ज हो चुका है। आरोपी अशोक पर मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने के संबंध में एक अभियोग गुरुग्राम में तथा मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने, हत्या का प्रयास करने, शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत छह मामले हिसार में पहले से दर्ज हैं।