- 11 मोबाइल, 40 सिम कार्ड, 43 डेबिट कार्ड, 15 पासबुक और 7 चेक बुक बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। साइबर अपराध थाना पश्चिम की पुलिस ने टॉस्क पूरा करने के नाम पर ठगी करने के मामले में तीन आरोपियों को 26 फरवरी को जयपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से 11 मोबाइल, 40 सिम कार्ड, 43 डेबिट कार्ड, 15 पासबुक और 7 चेक बुक बरामद किए हैं। विदेश में बैठे साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने व बैंक खातों के संचालन में आरोपी शामिल हैं।आरोपियों की पहचान राजस्थान के जयपुर निवासी सौरभ कुमार मीणा (27), फालोदी निवासी अभिषेक बिश्नोई (20) और नागौर निवासी लक्ष्मण उर्फ लकी (22) के रूप में हुई है। सौरभ कुमार मीणा ने जोधपुर से आईआईटी, अभिषेक बिश्नोई ने नर्सिंग और लक्ष्मण उर्फ लकी ने एमए तक पढ़ाई की है।
आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि तीनों आरोपी जोधपुर में मिले थे। इसके बाद उन्होंने रुपयों के लालच में साइबर ठगी की वारदातों में शामिल होने की योजना बनाई। आरोपी विदेश में बैठे साइबर ठगों के लिए काम करते थे और ठगी में प्रयोग होने वाले बैंक खाते खरीदते थे और उनका संचालन करते थे। साइबर ठगी के माध्यम से प्राप्त राशि में से 30 फीसदी कमीशन रखकर बाकी राशि को विदेश में बैठे साइबर ठगों को भेज देते थे।
वर्जन
आरोपी सौरभ कुमार मीणा को अदालत में पेश करके दो दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की पहचान करके गिरफ्तार किया जाएगा।
- प्रियांशु दीवान, एसीपी साइबर अपराध, गुुरुग्राम