गुरुग्राम। कंपनी के रुपये लेकर जा रहे कर्मचारी से तीन हथियारबंद बदमाशों ने सोमवार को दिनदहाड़े 10 लाख रुपये लूट लिए। कर्मचारी सेक्टर-14 स्थित आईसीआईसीआई बैंक से रुपये निकालकर उद्योग विहार स्थित कंपनी में जा रहा था। सूचना मिलते ही थाना पुलिस समेत अपराध शाखा पालम विहार व सहायक पुलिस आयुक्त (उद्योग) मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
दीपक पांडे उद्योग विहार फेज-4 स्थित एक कंपनी में कार्यरत है। सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे वह कंपनी के लिए 10 लाख रुपये निकालने स्कूटी से सेक्टर-14 स्थित बैंक आए थे। पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दीपक अतुल कटारिया चौक पर मोबाइल पर बात करने के लिए रुका था, उसी वक्त आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। एक ने हेलमेट पहना हुआ था जबकि दो ने मुंह ढका हुआ था। एक बदमाश ने हथियार दिखाकर गोली मारने की धमकी दी और उससे 10 लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी। आसपास क्षेत्र में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने कर्मचारी की रेकी की है। माना जा रहा है कि कई दिन रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया गया है। दिनदहाड़े हुई वारदात के बाद पुलिस के आला अधिकारियों ने चुप्पी साध ली है। देर शाम तक पुलिस मामले की जांच में जुटी थी। पुलिस ने सोमवार देर शाम तक केस दर्ज नहीं किया था।