गुरुग्राम। गांव घाटा के नजदीक हथियार के बल पर चालक को बंधक बनाकर कार लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीनों आरोपियों को सिकंदरपुर क्राइम ब्रांच की टीम ने रविवार रात यूपी के मथुरा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान यूपी के जालौन जिले के मिर्जापुर गांव निवासी सहदेव सिंह, धीरेंद्र एवं रूरा गांव निवासी दीपेश के रूप में की गई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई कार व उसके कागजात समेत एक पर्स, चांदी की चेन व लैपटॉप बरामद किया है। आरोपी फिरौती मांगने के इरादे से नोएडा के एक प्रॉपर्टी डीलर का अपहरण करने वाले थे। वारदात को अंजाम देने के लिए ही आरोपियों ने कार लूटी थी। तीनों को सोमवार दोपहर अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए दो दिन की रिमांड पर लिया गया है।
यह था मामला
पिछले 21 जनवरी को सेक्टर-9 फरीदाबाद निवासी कारोबारी सतीश भाटी की कार लेकर उनका चालक मुबारक खान मानेसर आया था। वापस लौटने के दौरान वह कुछ देर के लिए गांव घाटा मोड़ के नजदीक रुका था। इसी दौरान हथियारबंद तीन बदमाशों ने चालक को बंधक बनाकर कार लूट की वारदात को अंजाम दिया था। चालक को कुछ दूर ले जाने के बाद कार से उतार दिया था और कार लेकर फरार हो गए थे।
कर्जदार था एक आरोपी
सहायक पुलिस आयुक्त (क्राइम) प्रीतपाल ने बताया कि पुलिस गिरफ्त में आए आरोपियों में से आरोपी सहदेव नोएडा में एक प्रॉपर्टी डीलर के पास नौकरी करता था। वह कर्जदार था और अपना कर्ज उतारने के लिए उसने दो साथियों के साथ मिलकर प्रॉपर्टी डीलर का अपहरण कर फिरौती मांगने की योजना बनाई थी। इसी इरादे से उसने कार लूटी थी। आरोपी धीरेंद्र उसके गांव का ही रहने वाला है जबकि दीपेश पड़ोसी गांव का है। वहीं, आपराधिक वारदात को अंजाम देने के लिए सहदेव ने यूपी के कानपुर से 30 हजार रुपये में हथियार खरीदे थे।