अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर में रोजाना 100 किलो या अधिक मात्रा में कचरा पैदा करने वाले संस्थानों और प्रतिष्ठानों को इसका निस्तारण खुद करना होगा। नगर निगम फरीदाबाद ने बल्क वेस्ट जनरेटर (बीडब्ल्यूजी) के लिए सेल्फ-रजिस्ट्रेशन पोर्टल शुरू किया है। पोर्टल का शुभारंभ बुधवार को मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने अपने कार्यालय में किया।
पोर्टल शुरू होने के बाद अब तक करीब 350 पंजीकरण हो चुके हैं। निगम अधिकारियों के अनुसार पंजीकरण न करवाने वाले संस्थानों को विभाग नोटिस भेजेगा। अधिकारियों का मानना है कि इस व्यवस्था से नगर निगम के पास अब संस्थानों के कचरे के उत्पादन और निस्तारण का रिकॉर्ड उपलब्ध होगा।
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के तहत निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले बल्क वेस्ट जनरेटर के लिए पोर्टल पर सेल्फ-रजिस्ट्रेशन कराना आवश्यक है। संबंधित संस्थान या परिसर अपनी जानकारी और निर्धारित विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इससे निगम के पास शहर में कचरा पैदा करने वाले बड़े प्रतिष्ठानों का व्यवस्थित डाटा तैयार होगा और उनकी कचरा प्रबंधन व्यवस्था की निगरानी भी आसान होगी।
20 हजार वर्ग मीटर फ्लोर एरिया या 40 हजार लीटर प्रतिदिन पानी की खपत अथवा 100 किलोग्राम प्रतिदिन या इससे अधिक ठोस कचरा पैदा करने वाले संस्थान बीडब्ल्यूजी की श्रेणी में आते हैं। पोर्टल की शुरुआत के वक्त मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि स्वच्छ शहर के लिए कचरे का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन जरूरी है।
सेल्फ-रजिस्ट्रेशन पोर्टल से व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी और बड़े कचरा उत्पादकों का रिकॉर्ड एक जगह उपलब्ध रहेगा। इस अवसर पर जॉइंट कमिश्नर अनिल यादव, जॉइंट कमिश्नर अमित मान, एसबीएम एक्सपर्ट कल्पना मंडल, सफाई निरीक्षक मुख्यालय बिशन तेवतिया और सफाई निरीक्षक हरवीर रावत मौजूद थे।