- भाई के ड्राइविंग लाइसेंस को एडिट करके लगाई थी अपनी फोटो, भाई के नाम से कर रहा था नौकरी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। अपराध शाखा मानेसर की पुलिस ने ई-कॉमर्स कंपनी के सामान से भरी गाड़ी की पैकिंग सील खोलकर मोबाइल सहित अन्य सामान चोरी करने के मामले में तीसरा आरोपी को मंगलवार को गुरुग्राम के याकूपुर गांव से गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने भाई के ड्राइविंग लाइसेंस को एडिट करके खुद की फोटो लगाकर उसी कंपनी में नौकरी कर रहा था। आरोपी को अदालत में पेश करके चार दिन के रिमांड लिया है। आरोपी की पहचान मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) के शहजादेपुरे गांव निवासी सचिन (22) के रूप में हुई है।
पूछताछ करने पर पता चला कि उसने अपने भाई करण के ड्राइविंग लाइसेंस में अपनी फोटो एडिट करके और उसी के नाम से चालक की नौकरी कर रहा था। आरोपी सचिन ने बताया कि उसने अपने आरोपी साथी जीतू व एक अन्य साथी के साथ मिलकर गाड़ी में भरे सामान की पैकिंग सील को खोलकर उसमें रखे एक मोबाइल सहित अन्य सामान के बॉक्स को निकाल लिया था। इसके बाद सील को वापस चिपकाकर चोरी करने की वारदात को अंजाम दिया। मामले में अन्य आरोपी जीतू ने दुकानदार सोहेल को मोबाइल व टैबलेट बेचे थे।
अपराध शाखा मानेसर की पुलिस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी जीतू व सोहेल को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपियों से अब तक 12 मोबाइल और एक टेबलेट भी बरामद किया गया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी चालक सचिन को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान आरोपी से सामान चोरी मामले में पूछताछ करके मोबाइल व अन्य सामान बरामद किया जाएगा।