विदेशी मुद्र विनिमय करने वाले व्यावसायी से की थी 20 हजार यूएस डॉलर और 3 हजार यूके पाउंड की ठगी
गुरुग्राम। विदेशी मुद्रा बदलकर मुनाफा कमाने का झांसा देकर ठगी करने के मामले में तीसरे आरोपी को अपराध शाखा सेक्टर-32 की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सचिन हिसार के राखी शाहपुर निवासी के रूप में हुई है। आरोपी को रविवार को हिसार के बरवाला रोड से काबू किया गया। पूछताछ में पता चला कि वह पंजाब के खरड़ में डिलीवरी बॉय का काम करता है। वहीं पर इसकी मुलाकात विपिन व एक अन्य आरोपी से हुई थी। उनके साथ मिलकर इसने ठगी की थी।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि मामले में अब तक 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य लोगों और वारदात के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। सेक्टर-50 थाना पुलिस को 3 फरवरी को एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता विदेशी मुद्रा के विनिमय का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि 2 फरवरी को इन्हें व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने विदेशी मुद्रा खरीदने की बात कहकर शिकायतकर्तज्ञ को यूनिटेक बिजनेस जोन, सेक्टर-50 में बुलाया। शिकायतकर्ता 20,000 यूएस डॉलर व 3,000 यूके पाउंड लेकर बताए गए स्थान पर पहुंचे। यहां एक व्यक्ति ने खुद को अभिषेक बताकर विदेशी मुद्रा ली और भुगतान के रुपये लाने का बहाना बनाकर भाग गया। बाद में आरोपी का मोबाइल फोन भी बंद मिला। शिकायतकर्ता को न तो विदेशी मुद्रा वापस मिली और न ही उसकी कीमत के रुपयों का भुगतान किया गया।
आरोपी उपलब्ध करवाने के लिए थे 50 हजार रुपये
मामले में अपराध शाखा सेक्टर-43 की टीम ने 5 जून को एक आरोपी हिसार निवासी विपिन को गिरफ्तार किया था। उससे पूछताछ में पता चला कि धोखाधड़ी में प्रयोग किया गया मोबाइल नंबर/सिम कार्ड अन्य आरोपी राकेश के नाम पर था। आरोपी राकेश ने सिम कार्ड आरोपी विपिन को 1000 रुपये में दिया था। आरोपी विपिन ने सिम कार्ड को अपने मोबाइल फोन में चलाकर उससे प्राप्त ओटीपी एक अन्य व्यक्ति को उपलब्ध करवाया था, जिसके माध्यम से व्हाट्सएप लॉगिन कर शिकायतकर्ता के साथ ठगी की गई। आरोपी ने ओटीपी उपलब्ध करवाने के एवज में 50 हजार रुपये लिए थे।