सात मंजिला नया भवन बनाने की तैयारी, डीपीआर पर काम शुरू, एक साथ होंगे सभी सरकारी कार्यालय
मूर्ति दलाल
गुरुग्राम। टावर ऑफ जस्टिस के बाद अब जिले में नया लघु सचिवालय बनाने की तैयारी है। दोनों इमारतें आधुनिकता से लैस होंगी। टावर ऑफ जस्टिस इस वर्ष पूरा होगा और नए लघु सचिवालय की नींव रखने की तैयारी होगी। इसके लिए मौजूदा लघु सचिवालय के साथ खाली पार्किंग की जगह में नए भवन का डिजाइन तैयार किया जा रहा है। इस सप्ताह परियोजना का डीपीआर यानी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाने के आदेश जारी किए जा चुके हैं। मार्च तक बिल्डिंग का पूरा डिजाइन और औसत खर्च का पूरा ब्यौरा तैयार कर लिया जाएगा।
मौजूदा भवन में 24 सरकारी विभागों के कार्यालय हैं। इसमें जिला उपायुत्त, पुलिस उपायुक्त एसडीएम गुरुग्राम, शिक्षा विभाग, ट्रेजरी, ई-दिशा केंद्र के अलावा रजिस्ट्री संबंधी काम किए जा रहे हैं। यहां सरकारी कार्यालय संबंधी काम कराने के लिए हर दिन करीब तीन से चार हजार लोग पहुंचते हैं। मौजूदा पार्किंग क्षमता भी अव्यवस्थित है। इसमें कोर्ट परिसर और सचिवालय दोनों के वाहन समाहित करना चुनौती बन गया है। ऐसे में नए भवन में 600 से अधिक वाहनों को समायोजित करने के लिए मल्टी लेवल पार्किंग व्यवस्था को ध्यान में रखा जाएगा। नई बिल्डिंग का डीपीआर जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जा रहा है। मौजूदा लघु सचिवालय 2004 में जिले के प्रशासनिक केंद्र के रूप में खोला गया था। इसमें राजस्व विभाग और शिक्षा विभाग के कार्यालयों के अलावा शहर के शीर्ष अधिकारियों के कार्यालय मौजूद हैं।
प्रशासनिक भवन के साथ आवासीय परियोजना नहीं हुई पास
वर्ष 2019 में प्रशासनिक भवन के साथ आवासीय परिसर बनाने की योजना थी। इसके लिए लेआउट प्लान समिति भी बनाई गई। योजना थी कि नए प्रशासनिक भवन में पार्किंग के अलावा अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आवास बनाए जाएं। इसके साथ ही सामुदायिक केंद्र का प्रस्ताव समिति ने बनाया। यह विस्तृत योजना परवान नहीं चढ़ सकी।
वेटिंग रूम में होंगी डिजिटल सुविधाएं
जिला उपायुक्त निशांत यादव ने बताया कि ई-दिशा केंद्र में कम से कम एक हजार लोगों को समाहित करने की क्षमता होगी। इसमें स्मार्ट वेटिंग रूम बनाया जाएगा। व्यवस्था ऐसी होगी कि लोगों को खड़ा न रहना पड़े। लोग स्मार्ट टोकन वेंडिंग सिस्टम के जरिए अपनी बारी का इंतजार कर सकेंगे। इसके लिए स्मार्ट डिजिटल बोर्ड बनाए जाएंगे। बोर्ड पर व्यक्ति का नंबर दिखाई देगा। संबंधित व्यक्ति अपना काम कराने के लिए काउंटर पर पहुंचेगा और काम होगा। डीपीआर में प्रयास रहेगा कि सारा सिस्टम क्यू लेस यानी ऐसी प्रणाली हो जहां लोगों को लाइन न लगानी पड़े।
सार्वजनिक सेवाओं के लिए कई काउंटर होंगे
नई इमारत में सात मंजिल और चार-स्तरीय भूमिगत पार्किंग सुविधा विकसित करने पर ध्यान है। इसमें एक विशाल लाउंज के साथ विभिन्न सार्वजनिक सेवाओं के लिए कई काउंटर होंगे। हालांकि डिजाइन पूरा होने के बाद पूरी इमारत के तल अनुसार विवरण हासिल हो सकेगा।
नए सचिवालय भवन के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है। सभी समस्याओं और सुझावों को ध्यान में रखते हुए यह नक्शा तैयार किया जाएगा। आधुनिकता को ध्यान में रखते हुए इसमें डिजिटल और स्मार्ट गुरुग्राम की झलक दिखाई देगी- निशांत यादव, जिला उपायुक्त