अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। पुरानी दिल्ली रोड स्थित अतुल कटारिया चौक अंडरपास पर शेड लगवाया जाएगा। इससे अंडरपास में बारिश का पानी जमा नहीं होगा और यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को राहत मिलेगी। इस कार्य को मानसून से पहले पूरा करने का लक्ष्य है। अंडरपास में हाइट बैरियर और साइनेज बोर्ड भी लगेंगे। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण ने पुरानी दिल्ली रोड पर करीब 731 मीटर फोर लेन फ्लाईओवर और अंडरपास का निर्माण लोक निर्माण विभाग के माध्यम से करवाया है। अंडरपास शीतला माता मंदिर से सिग्नेचर टावर की ओर बनाया गया है। साथ ही चार लेन की सर्विस रोड भी बनाई गई है। फ्लाईओवर और अंडरपास से वाहन चालकों को राहत मिली है।
हालांकि अभी इस अंडरपास पर शेड नहीं लगा है। ऐसे में बारिश का पानी अंडरपास में चला जाता है और यातायात प्रभावित होता है। पानी से अंडरपास को नुकसान भी पहुंच रहा था। यह मामला सड़क सुरक्षा कमेटी में भी उठा था। इसमें अंडरपास के रास्ते पर शेड/कैनोपी लगवाने का निर्णय हुआ था। इसके लिए जीएमडीए ने 150 लाख रुपये पहले ही लोक निर्माण विभाग को जारी कर दिए थे। शेष करीब 2.9 करोड़ रुपये भी जीएमडीए ने अभी लोक निर्माण विभाग को देने हैं। लोक निर्माण विभाग के अनुसार जीएमडीए ने टेंडर के आधार पर रुपये देने की बात की है।
लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता चरणदीप सिंह ने बताया कि अतुल कटारिया अंडरपास पर शेड समेत अन्य कार्य कराने की सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। इसके लिए कार्य अलॉट करना है। जीएमडीए के रुपये न देने से कार्य में विलंब हो रहा है। उन्होंने बताया कि ठेकेदार को तीन माह के अंदर कार्य को पूरा करना होगा।