मेट्रो परियोजना में सुभाष, हीरो होंडा चौक और सेक्टर-10 स्टेशन मल्टीमॉडल ट्रांजिट हब के रूप में बनेंगे
मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर-9 तक चल रहा मेट्रो का निर्माण
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम मेट्रो परियोजना में सुभाष चौक, हीरो होंडा चौक और सेक्टर-10 स्टेशन मल्टीमॉडल ट्रांजिट हब के रूप में विकसित होंगे। हाल में गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ चंद्रशेखर खरे ने मेट्रो कॉरिडोर के साथ विकसित की जाने वाली मल्टीमॉडल इंटीग्रेशन सुविधाओं की समीक्षा की थी।
पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर नौ तक मेट्रो का निर्माण कार्य चल रहा है। इस कॉरिडोर में सुभाष चौक मेट्रो स्टेशन पर प्रस्तावित रेलवे स्टेशन-भोंडसी मेट्रो कॉरिडोर, हीरो होंडा चौक पर दिल्ली-गुरुग्राम-बावल आरआरटीएस इंटरचेंज तथा सेक्टर-10 में इंटीग्रेटेड बस टर्मिनल पर काम होगा। जीएमआरएल के अनुसार, ये मल्टीमॉडल इंटरचेंज प्वाइंट्स मेट्रो, आरआरटीएस, रेलवे और बस सेवाओं के बीच निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करेंगे। इससे यात्रियों को एक ही स्थान पर विभिन्न सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के बीच आसानी से स्थानांतरण की सुविधा मिलेगी। जीएमआरएल मेट्रो परियोजना में यात्रियों की संख्या और राजस्व बढ़ाने को लेकर भी कई कदम उठा रहा है। इसमें स्टेशनों के विकास, स्टेशन के नामकरण अधिकार, विज्ञापन और आवासीय -कमर्शियल क्षेत्रों के लिए बेहतर जुड़ाव जैसे कदम उठाए जा रहे हैं। इसका मुख्य सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को प्रोत्साहित करना है।
स्टेशनों को दो श्रेणियों में विकसित किया जाएगा
मेट्रो परियोजना के तहत स्टेशनों के डिजाइन को लेकर नई योजना बनाई जा रही है। इसके अनुसार मेट्रो स्टेशनों को दो अलग-अलग श्रेणियों में विकसित किया जाएगा, ताकि स्थान के अनुसार बेहतर सुविधा और आकर्षक स्वरूप दिया जा सके। मेट्रो स्टेशनों के नाम के आगे निजी कंपनियां अपना नाम जोड़ सकेंगी। ऐसे में कमर्शियल जगहों वाले स्टेशनों का लुक खास होगा। योजना के अनुसार आवासीय एरिया के स्टेशनों का बाहरी लुक सामान्य रखने का प्रस्ताव है जबकि, कमर्शियल जगहों या मेन जगह के स्टेशनों को कुछ अलग तरीके से डिजाइन किया जाएगा। इसका मकसद विज्ञापन के जरिये राजस्व बढ़ावा है।