गुरुग्राम-सोहना हाईवे पर एसडी आदर्श स्कूल के पास सड़क पांचवीं बार धंसी
जीएमडीए के अधिकारी आज एनएचएआई के अफसरों से विस्तार से चर्चा करेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम-सोहना हाईवे पर एसडी आदर्श स्कूल के पास पुरानी मास्टर सीवर लाइन के कारण सड़क पांचवीं बार धंस गई है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण और एनएचएआई मिलकर इसका स्थायी समाधान निकालने का प्रयास कर रहे हैं।
जीएमडीए के अधिकारी बुधवार को एनएचएआई के अधिकारियों से इस पर विस्तार से चर्चा करेंगे। इसे ठीक कराने का कार्य एनएचएआई को दिया जा सकता है। गुरुग्राम-सोहना हाईवे पर सुभाष चौक से बादशाहपुर के पार तक करीब 11 किलोमीटर का एलिवेटेड रोड बना हुआ है। एलिवेटेड रोड सुभाष चौक एसडी आदर्श स्कूल से शुरू होता है।
सुभाष चौक के पास एलिवेटेड रोड शुरू होने के प्वाइंट पर जीएमडीए की मास्टर सीवर लाइन टूटने से एक्सप्रेसवे का एक हिस्सा करीब 15 दिन पहले चौथी बार धंस गया था। सोमवार को हुई बारिश से सीवर के कारण सड़क अब पांचवीं बार धंस गई है। हाईवे का निर्माण करते समय इस मेन सीवर लाइन को शिफ्ट नहीं किया जा सका था। करीब 30-35 साल पुरानी लाइन होने से अक्सर सड़क धंसने की समस्या आ रही है।
इससे हाईवे पर यातायात प्रभावित होता है। एनएचएआई के अनुसार, करीब 200 मीटर मास्टर सीवर लाइन एलिवेटेड रोड के दायरे में है। दूसरा इसे शिफ्ट करने के लिए जगह उपलब्ध नहीं है। सर्विस रोड के बगल में स्कूल और वाहनों का काफी दबाव रहता है। जगह की कमी और वाहनों के दबाव के कारण अब लाइन को शिफ्ट करना संभव नहीं है। ऐसे में मास्टर लाइन की क्योर्ड इन प्लेस पाइप (सीआईपीपी) पद्धति से मरम्मत कराने की योजना है। पहले जीएमडीए इसे ठीक करता आ रहा है। चौथी बार भी सीवर लाइन को ठीक कराया था लेकिन बात फिर से सड़क धंस गई। ऐसे में इस कार्य को एनएचएआई से कराया जा सकता है।
जीएमडीए के मुख्य अभियंता राजेंद्र सिंह जांगड़ा ने बताया कि मास्टर लाइन काफी पुरानी होने से यह समस्या बार-बार आ रही है। उन्होंने बताया कि इस बारे में एनएचएआई से बात हुई है। इस कार्य को एनएचएआई द्वारा कराने को कहा जाएगा। अधिकारी ने बताया कि धंसी सड़क वाली जगह पर बैरिकेड कराया गया है, ताकि कोई हादसा न हो।