सरकारी बसों की कमी और पर्याप्त फेरे न होने का सीधा फायदा प्राइवेट बस चालकों ने उठाया, मनमाना किराया वसूला
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। रक्षाबंधन पर भाई की कलाई पर राखी बांधने के लिए घर से निकली बहनों के साथ-साथ बाकी यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बस अड्डों से लेकर मेट्रो स्टेशनों और रेलवे स्टेशन तक यात्रियों की भीड़ उमड़ी रही। सरकारी बसों की कमी और पर्याप्त फेरे न होने का सीधा फायदा प्राइवेट बस चालकों ने उठाया। गंतव्य तक पहुंचने की जल्दी में मजबूर यात्रियों से मनमाना किराया वसूला गया।
बस स्टैंडों पर सुबह से ही दूसरे जिलों और प्रदेश के यात्री अपने गंतव्य पर जाने के लिए आ गए थे। रोडवेज बसों में जगह न मिलने पर यात्रियों को मजबूरन प्राइवेट बसों और निजी वाहनों की शरण लेनी पड़ी। इसका फायदा उठाकर चालकों ने ज्यादा किराया वसूला। साझा मोर्चा ने इस अवैध वसूली पर कड़ा विरोध जताया। मोर्चा के प्रतिनिधियों ने कहा कि निजी चालकों की यह मनमानी आम जनता का आर्थिक शोषण है। निजी बस संचालकों द्वारा कथित तौर पर सरकारी आदेशों की अनदेखी कर अपने फायदे के लिए यात्रियों से किराया वसूला जा रहा है। उन्होंने इसे महिलाओं के साथ अनुचित व्यवहार बताते हुए इसकी निंदा की। हरियाणा रोडवेज राज्य साझा मोर्चा के राज्य प्रधान पवन सहारण, राज्य उपप्रधान संदीप दलाल तथा गुरुग्राम साझा मोर्चा के प्रधान सतेंद्र कादयान, चेयरमैन मनीष दलाल, प्रधान अमित राठी, प्रधान रविंद्र हुड्डा और हरवीरेंद्र ने सरकार, परिवहन मंत्री और विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेने की अपील की।